बड़कागांव:- बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नापो में बीती रात एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस मामले को लेकर पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद ने बड़कागांव के भाजपा विधायक रौशनलाल चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बड़कागांव के भाजपा विधायक स्थानीय अपराधियों, गिरोह, गुंडों, रंगदारों, वसूली करने वालों तथा अफीम, ब्राउन शुगर और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबारियों को संरक्षण दे रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बन गया है।
बताया जा रहा है कि इस घटना में बड़कागांव विधायक के करीबी और उनका “दाहिना हाथ” कहे जाने वाले गंगा साहू पर आरोप लगा है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों पर पहले फरसा से हमला किया और उसके बाद गाड़ी चढ़ा दी। इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों के पास बंदूक समेत अन्य हथियार भी मौजूद थे।
घायलों में शामिल विनोद साव सहित कुछ लोगों ने कुछ दिन पहले बड़कागांव थाना प्रभारी को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें डांट-फटकार कर भगा दिया। वर्तमान में विनोद साव गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती हैं और जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं। जिस गाड़ी से लोगों को कुचला गया, उस पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही गाड़ी से वह बोर्ड हटा दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर रील बनाकर पुलिस के एक अधिकारी का नाम लेने की बात भी सामने आई है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बड़कागांव मुख्य चौक को पूरी तरह जाम कर धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि हजारीबाग के एसपी और डीसी मौके पर आएं और इस पूरे मामले में जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करें।
ग्रामीणों का कहना है कि बड़कागांव में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र में रंगदारी, वसूली, हत्या, फिरौती, जुआ, नशा, ब्राउन शुगर, नकली शराब और गुंडागर्दी जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
सड़क जाम और धरना प्रदर्शन में बड़कागांव के पूर्व विधायक भी शामिल हुए और उन्होंने डीजीपी, हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक तथा उपायुक्त को पूरे मामले से अवगत कराते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment