ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा सुलभ बनाने के लिए कटकमदाग, दारू, कटकमसांडी एवं सदर प्रखंड में महिला कॉलेज खोलने की मांग
हजारीबाग:- झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान हज़ारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने जिले में उच्च शिक्षा की व्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि हज़ारीबाग जैसे बड़े जिले में वर्तमान में केवल एक महिला महाविद्यालय संचालित है, जिसके कारण विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने सदन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की कई छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें समय, संसाधन और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। अनेक परिवारों की आर्थिक स्थिति भी ऐसी नहीं होती कि वे अपनी बेटियों को दूर शहरों में पढ़ने के लिए भेज सकें। ऐसे में कई प्रतिभाशाली छात्राएँ उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती हैं।
उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों के निकट महिला महाविद्यालयों की स्थापना की जाए तो इससे बड़ी संख्या में छात्राओं को शिक्षा का अवसर मिलेगा और बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। शिक्षा के माध्यम से ही समाज में समान अवसर और समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।
सदन के माध्यम से विधायक प्रदीप प्रसाद ने सरकार से आग्रह किया कि हज़ारीबाग जिले के कटकमदाग, दारू, कटकमसांडी तथा सदर प्रखंड में एक-एक महिला महाविद्यालय की स्थापना की दिशा में ठोस और समयबद्ध पहल की जाए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा केवल एक सामाजिक आवश्यकता ही नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य को सशक्त बनाने की आधारशिला है। यदि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा का मजबूत ढांचा विकसित किया जाए तो इससे न केवल शिक्षा का स्तर बढ़ेगा, बल्कि समाज में जागरूकता और आत्मनिर्भरता भी मजबूत होगी।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने कहा कि हज़ारीबाग की बेटियों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

Post a Comment