Top News

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय एग्रोटेक किसान मेला 14 मार्च से, मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

कांके I  बिरसा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अपने कांके प्रांगण में 14 से 16 मार्च, 2026 तक आयोजित किये जानेवाले राज्यस्तरीय एग्रोटेक  किसान मेला  का उद्घाटन 14 मार्च को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे I राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार 16 मार्च को समापन समारोह के मुख्य अतिथि व अति विशिष्ट अतिथि के रूप में  केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ की उपस्थित होंगे I मेला का केन्द्रीय विषय वस्तु ‘टिकाऊ कृषि हेतु जलवायु अनुकूल तकनीकी नवाचार’ है I 

विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीख तथा विधायक राजेश कच्छप, अमित कुमार एवं सुरेश कुमार बैठा की उपस्थिति रहेगीI मेला के दूसरे दिन पशु-पक्षी प्रदर्शनी का उदघाटन विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो करेंगे जबकि राज्यसभा सदस्य डॉ महुआ माजी महिला कृषक गोष्ठी का उद्घाटन करेंगी I राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ आशा लकड़ा महिला गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि रहेंगी I

बीएयू के कुलपति डॉ सुनील चन्द्र दुबे ने बताया कि मेला में लगभग 135 स्टाल लगाये जा रहे हैं जहाँ बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, संकायों, महाविद्यालयों, क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्रों एवं  कृषि विज्ञान केन्द्रों के अलावा झारखण्ड में कार्यरत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के शोध संस्थान, कृषि से संबंधित विभाग, बीज, कृषि यंत्र एवं उर्वरकों के निर्माता एवं बिक्रेता, बैंक एवं वित्तीय संस्थान तथा स्वयंसेवी संगठन अपनी तकनीक, सेवाएँ एवं उत्पाद प्रदर्शित करेंगे I बिक्री हेतु विसिध कृषि इनपुट भी उपलब्ध रहेंगे I इस अवसर पर आनेवाले किसानों को वैज्ञानिकों द्वारा खेती-बारी सम्बन्धी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी परामर्श भी प्रदान किया जायेगा I 

निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ रेखा सिन्हा के निर्देशन में विभिन्न समितियां युद्ध स्तर पर मेला की तैयारी में लगी हैं I स्टाल बुकिंग के लिए बीएयू के प्रसार शिक्षा निदेशालय में संदीप शेखर (7004434601) से संपर्क किया जा सकता है I तीन दिनों के लिए 10x12 फीट आकार के स्टाल का आरक्षण शुल्क पांच हज़ार रु हैI

मेला का उद्देश्य किसानों, कृषक महिलाओं एवं युवा उद्यमियों को उन्नत कृषि, पशुपालन, वानिकी, डेयरी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि यंत्रीकरण, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्द्धन तथा घरेलू एवं अन्य कुटीर उद्योगों से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी देना हैI 

इस अवसर पर फल, फूल, सब्जी, मसालों, सजावटी, औषधीय एवं सगंधीय पौधों से संबंधित उद्यान प्रदर्शनी, पशु-पक्षी प्रदर्शनी, कृषि यंत्र प्रदर्शनी, किसान गोष्ठी, प्रायोगिक प्रक्षेत्रों का परिभ्रमण, महिला कृषक संगोष्ठी का भी आयोजन किया जा रहा है I स राज्यस्तरीय आयोजन में प्रान्त के विभिन्न जिलों के किसान बड़ी संख्या में भाग लेंगे I 

मेला के मुख्य आकर्षण :

धान्य, दलहनी एवं तेलहनी फसलों की उत्पादन तकनीक तथा फूलों एवं सब्जियों की संरक्षित खेती का जीवंत प्रदर्शन I 

विश्वविद्यालय एवं अन्य सार्वजनिक एवं निजी संस्थानों द्वारा कृषि यंत्र, कृषि रसायन, कृषि साहित्य का प्रदर्शन एवं बिक्री I 

फसल एवं सब्जियों के संकर बीज एवं पौध सामग्री की प्रदर्शनी एवं बिक्री I 

मिट्टी एवं जल के नमूनों की नि:शुल्क जाँच सुविधा I 

पशु रोगों की जांच एवं निदान हेतु परामर्श I पशु पालन, प्रबंधन एवं पोषण सम्बन्धी तकनीकी परामर्श I

सामुदायिक विज्ञान विभाग द्वारा द्वारा निर्मित मिलेट्स के विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पादों की बिक्री I

किसानों एवं वैज्ञानिकों तथा कृषि उद्योग से संबंधित उद्यमियों से सीधी चर्चा तथा किसान गोष्ठी एवं महिला कृषक गोष्ठी I 

किसानों द्वारा उत्पादित कृषि उत्पादों एवं मूल्य संवर्द्धित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री  प्रयोगात्मक प्रक्षेत्रों का परिभ्रमण I 

प्रगतिशील एवं नवोन्मेषी किसानों का एग्रोटेक मंच से सम्मान I

कृषि तकनीकों पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन I

Post a Comment

Previous Post Next Post