सुनील कुमार गुप्ता
कांके। द रोज सोसाइटी ऑफ रांची, रांची क्लब लिमिटेड के सहयोग से रविवार 15 मार्च को रांची क्लब हॉल में 103वीं बसंतकालीन गुलाब प्रदर्शनी का आयोजन करने जा रही है।
इस प्रदर्शनी में विभिन्न किस्मों और रंगों के गुलाब के फूलों के साथ-साथ शिल्प, पेंटिंग, फोटोग्राफ और गुलाबों की सजावट का प्रभावशाली प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनी के सर्वश्रेष्ठ फूल को 'किंग ऑफ द शो' से नवाजा जाएगा। दूसरे सर्वश्रेष्ठ फूल को 'क्वीन ऑफ द शो' का पुरस्कार दिया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ 'फ्लोरीबंडा' के लिए 'प्रिंस ऑफ द शो' पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ 'मिनिएचर' को 'प्रिंसेस ऑफ द शो' से सम्मानित किया जाएगा।
द रोज सोसाइटी ऑफ रांची के अध्यक्ष गणेश मुंजाल ने बताया कि प्रतियोगिता को सात श्रेणियों में विभाजित किया गया है: व्यक्तिगत, संस्थागत, भारतीय गुलाब, नौसिखिए, गुलाबों का असीमित प्रदर्शन, गुलाब की सजावट, और पेंटिंग क्राफ्ट एवं कढ़ाई। पूरी प्रतियोगिता में कुल 59 सेक्शन होंगे।
पुरस्कार हेतु प्रविष्टियों का चयन फूल के आकार, रंग, रूप, पदार्थ, पत्तियों और तने के आधार पर किया जाएगा।
फूलों के प्रदर्शन के लिए सोसाइटी द्वारा कंटेनर और बोतल नि:शुल्क उपलब्ध कराये जायेंगे।
आम जनता और दर्शकों के लिए प्रदर्शनी में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। इस रोज शो का उद्देश्य रांची की अनुकूल मिट्टी और जलवायु परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गुलाब उत्पादन को बढ़ावा देना है। आगंतुक फूलों की अद्भुत किस्मों के साथ-साथ सुंदर पेंटिंग, शिल्प और कढ़ाई के अवलोकन का आनंद ले सकेंगे।
भागीदारी संबंधी विशेष जानकारी के लिए सोसाइटी की कोषाध्यक्ष हेजल डेविस (9955359206) से संपर्क किया जा सकता है।


Post a Comment