Top News

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

कांके। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम, आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सह आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभागाध्यक्ष डॉ मणिगोपा चक्रवर्ती ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति, संवेदना और प्रगति की आधारशिला हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वस्थ एवं जागरूक रहने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि जिस प्रकार बीज एक नए पौधे और जीवन की शुरुआत का आधार होता है, उसी प्रकार महिलाएं भी एक नए जीवन को जन्म देने और उसके पालन-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए महिलाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना परिवार और समाज दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं के आत्मविश्वास, शिक्षा और समान अवसरों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर उद्यान विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूनम होरो द्वारा सभी प्रतिभागियों को पुष्प प्रदान स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की महिला शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपना परिचय देते हुए स्वतंत्रता प्राप्ति से अब तक विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के योगदान को याद किया। इस दौरान कई प्रतिभागियों ने महिला होने पर गर्व व्यक्त किया, वहीं कुछ प्रतिभागियों ने महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया किया।

कार्यक्रम में प्रेरणादायक गीतों की प्रस्तुति हुई तथा झारखंडी संस्कृति पर आधारित नृत्य भी प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को और अधिक उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति प्रिया, डॉ. निकिता एवं डॉ. नीतू ने किया।

सहायक कुलसचिव डॉ. शशि किरण तिर्की ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

‌बीएयू के कुलपति डॉ एससी दुबे ने विश्वविद्यालय की सभी महिला कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी है और कहा कि संस्थान की प्रगति और विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।

Post a Comment

Previous Post Next Post