रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार का एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल दावोस और यूनाइटेड किंगडम के दौरे पर जाएगा। 18 से 26 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित इस अंतरराष्ट्रीय दौरे की तैयारियों को लेकर मंगलवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच दौरे से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके नेतृत्व में झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भाग लेगा। यह पहला अवसर होगा जब झारखंड का प्रतिनिधिमंडल इस वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा, जिसे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, दावोस में प्रस्तावित बैठकों और कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक ढांचा, सतत विकास आधारित दृष्टिकोण, पर्यटन क्षमता और निवेश की व्यापक संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस दिशा में विभागीय तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि दावोस दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम, विशेषकर लंदन, का दौरा करेगा। लंदन प्रवास के दौरान संस्थागत, शैक्षणिक और निवेश आधारित सहयोग, नीति एवं ज्ञान परक संवाद तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
यह अंतरराष्ट्रीय दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। दावोस और यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान उद्योगपतियों, निवेशकों और संस्थागत प्रतिनिधियों के साथ दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अंतरराष्ट्रीय दौरे को राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समन्वित, प्रभावी और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने और बहुराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ सहयोग के नए अवसर सृजित करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि दावोस और यूनाइटेड किंगडम का यह दौरा राज्य में निवेश और विकास की दिशा में एक अहम मील का पत्थर साबित होगा।
मंगलवार देर शाम तक चली इस बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, मंत्रिमंडल सचिव प्रशांत कुमार, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण सचिव कृपानंद झा, उद्योग सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, खान एवं भू-तत्व विभाग के निदेशक राहुल सिन्हा, जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन, निदेशक उद्योग विशाल सागर, निदेशक आईपीआरडी राजीव लोचन बक्शी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment