गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार का खतरनाक नजारा देखने को मिला। धनबाद से पचम्बा की ओर आ रही एक स्कॉर्पियो ने बिशनपुर से लेकर पचम्बा बाजार तक दो अलग-अलग स्थानों पर लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। वाहन ने सबसे पहले बिशनपुर के समीप एक व्यक्ति को टक्कर मारी, लेकिन चालक बिना रुके तेज गति से पचम्बा बाजार की ओर बढ़ता रहा। बाजार क्षेत्र में पहुंचते ही वाहन ने एक मासूम बच्चे को कुचल दिया। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी कई दोपहिया गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करते हुए एक दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत सदर अस्पताल गिरिडीह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया गया।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो सीधे दुकानों पर चढ़ गई। उनका कहना है कि यदि उस समय दुकानों के बाहर ग्राहक मौजूद होते, तो जान-माल का नुकसान और भी अधिक हो सकता था। व्यापारियों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। चालक, जिसकी पहचान खरगडीहा निवासी के रूप में हुई है, को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वाहन में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं, जिन्हें बाद में दूसरी गाड़ी से धनबाद भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Post a Comment