आदित्यपुर–गम्हरिया रेलखंड पर फिर मिला शव, सिर कटा अज्ञात युवक मिलने से हड़कंप
kosha news
0
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे रेल लाइन के पास अर्धनग्न अवस्था में युवक का शव पड़ा देखा गया, जिसका सिर धड़ से अलग था। भयावह दृश्य देखकर लोगों में दहशत फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के थाना क्षेत्रों में मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस इस मामले की जांच रेल हादसे और साजिश के तहत हत्या—दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
गौरतलब है कि बीते दो दिनों में आदित्यपुर–गम्हरिया रेलखंड पर दो युवक और एक युवती के शव मिल चुके हैं। लगातार शव मिलने से इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं किसी संगठित आपराधिक गतिविधि की ओर इशारा कर रही हैं। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
Post a Comment