Top News

नववर्ष की सौगात: मंईयां सम्मान योजना की राशि रांची की लाखों महिलाओं के खातों में पहुंची


रांचीः नव वर्ष 2026 की शुरुआत झारखंड की लाखों महिलाओं के लिए राहत और खुशखबरी लेकर आई है। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की महिलाओं के बैंक खातों में दिसंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया है। इस पहल को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

योजना के अंतर्गत रांची जिले की कुल 3 लाख 91 हजार 578 लाभुक महिलाओं के खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से प्रति लाभुक 2,500 रुपये की दर से कुल 97 करोड़ 89 लाख 45 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है। राशि सीधे खातों में पहुंचने से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और किसी भी तरह की बिचौलिया व्यवस्था समाप्त हुई है।

इस भुगतान से महिलाओं को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ-साथ सरकार की उस प्रतिबद्धता को भी मजबूती मिली है, जिसके तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में योजना का व्यापक लाभ देखने को मिला है।

प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक लाभुक कांके प्रखंड से 31,676 रहे, जबकि सदर शहरी क्षेत्र में 24,892 महिलाओं को योजना का लाभ मिला। मांडर प्रखंड में 23,239, सिल्ली में 21,312, बेड़ो में 20,696 और चान्हो में 19,813 लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई। इसके अलावा नगड़ी, रातू, ओरमांझी, तमाड़, बुढ़मू, सोनाहातू और नामकुम प्रखंडों में भी हजारों महिलाओं को सम्मान राशि का लाभ मिला है। शहरी क्षेत्रों में अरगोड़ा, बड़गाईं, हेहल, कांके नगर क्षेत्र, नगड़ी शहरी क्षेत्र, नामकुम शहरी क्षेत्र और बुंडू नगर पंचायत की बड़ी संख्या में महिलाएं योजना से लाभान्वित हुई हैं।

रांची उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि नववर्ष नई उम्मीदों और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक होता है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना महिलाओं के जीवन में सुरक्षा, स्थिरता और सम्मान की भावना को मजबूत करेगी और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार लाएगी। साथ ही महिलाओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका सही उपयोग करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। जन शिकायतों के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से ‘अबुआ साथी’ व्हाट्सएप नंबर 9430328080 की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने बाल विवाह मुक्त रांची के संकल्प को दोहराते हुए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की है।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत किया गया यह भुगतान नव वर्ष पर महिलाओं के लिए आर्थिक राहत और सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post