Top News

गुमला–रांची मार्ग पर कहर: तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से चार कारोबारियों की मौत, दो की हालत नाजुक


गुमला: गुमला–रांची मुख्य मार्ग पर गुरुवार तड़के करीब पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़गांव के पास तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से एक पिकअप वैन में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में पिकअप सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, रांची के रहने वाले तिलकुट व्यवसायी एक पिकअप वाहन में तिलकुट लोड कर रांची से गुमला की ओर जा रहे थे। भड़गांव के समीप पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ने पिकअप वैन को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक पिकअप सवार चारों लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं दो लोग वाहन के मलबे में दबे मिले, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। दोनों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post