आशीष कुमार साव
बड़कागांव :- बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सूर्य मंदिर के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी अभियान चलाकर नकली अंग्रेजी शराब के कारोबार में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान गुलशन कुमार लगभग 20 वर्ष एवं रौशन कुमार लगभग 19 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त संजय कुमार महतो के पुत्र हैं तथा ग्राम गोन्दलपुरा, थाना बड़कागांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वर्तमान में दोनों अस्थायी रूप से उक्त क्षेत्र में रह रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़कागांव थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि सूर्य मंदिर के आसपास नकली अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री की जा रही है। जिस पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान दोनों युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 18 बोतल नकली अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके बाद उक्त दोनों पर बड़कागांव थाना कांड संख्या 17/26 धारा 274/275/349 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है और इस प्रकार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment