रांची : राजधानी रांची में लोन दिलाने के नाम पर कारोबारियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर दंपती का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। बंटी-बबली की तर्ज पर ठगी करने वाले पति-पत्नी को कांके थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी कई व्यवसायियों को कम ब्याज और कम प्रोसेसिंग फीस पर बड़ा लोन दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठ चुके थे। इस मामले में ओडिशा पुलिस भी लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।
कांके पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश
कांके थाना क्षेत्र में सक्रिय इस ठगी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शिवाजी पाटिल उर्फ अमित महतो और एंजेला कुजूर को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों बड़े कारोबारियों को निशाना बनाते थे और लोन दिलाने के नाम पर पहले भरोसा जीतते, फिर लाखों रुपये की ठगी करते थे। कांके थाना क्षेत्र में ही इस दंपती ने करीब 70 लाख रुपये की ठगी की थी।
कारोबारी ने दर्ज कराई थी शिकायत
रामगढ़ जिले के व्यवसायी सरोजकांत झा ने कांके थाना में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि एंजेला कुजूर और शिवाजी पाटिल ने उन्हें कम ब्याज पर बड़ा लोन दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके एवज में 74 लाख रुपये ले लिए। लोन नहीं मिलने पर ठग दंपती ने एक जमीन का फर्जी एग्रीमेंट भी कर दिया, जो उनकी नहीं थी।
कई कारोबारियों को बना चुके हैं शिकार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ठग दंपती ने रांची समेत अन्य इलाकों में कई कारोबारियों को इसी तरह लोन दिलाने के नाम पर ठगा है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई अन्य पीड़ितों की जानकारी भी सामने आ रही है।
ओडिशा पुलिस को भी थी तलाश
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि ओडिशा में भी इस दंपती पर ठगी के गंभीर आरोप हैं। ओडिशा के सुदाम बारीक नामक युवक से जुड़े एक व्यवसायी से करीब 42 लाख रुपये की ठगी का मामला भी सामने आया है। इसी वजह से ओडिशा पुलिस भी दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने दोनों ठग पति-पत्नी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और ओडिशा पुलिस को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।
Post a Comment