गढ़वा : गढ़वा जिले के डंडा थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने महज सात दिन के नवजात बच्चे को बेच दिया। सूचना मिलने पर गढ़वा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पलामू जिले के रेड़मा इलाके में छापेमारी कर नवजात को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से बच्चे को खरीदने वाली एक महिला को भी हिरासत में लिया गया है।
पलामू से बरामद हुआ नवजात
पुलिस के अनुसार डंडा प्रखंड के चप्परदगा गांव निवासी पिता ने शनिवार को अपने बच्चे को बेच दिया था। मामले की भनक लगते ही डंडा थाना प्रभारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेदिनीनगर इलाके में छापेमारी की और नवजात को बरामद कर लिया। इसके बाद बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया गया।
खरीदने वाली महिला हिरासत में
थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि बच्चे को पलामू के रेड़मा इलाके से बरामद किया गया है। बच्चे को खरीदने वाली महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, बच्चे को बेचने वाले दंपती को भी थाना बुलाया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
58 हजार में किया गया सौदा
पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे का सौदा दो लाख रुपये में तय हुआ था, हालांकि पिता को 58 हजार रुपये दिए गए थे। पिता ने पुलिस को बताया कि उसके पहले से तीन बच्चे हैं और यह चौथा बच्चा था। आर्थिक तंगी और दबाव के कारण उसने लालच में आकर बच्चे को बेच दिया।
CWC को सौंपा गया बच्चा
CWC सदस्य के अधिवक्ता मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार रात पुलिस द्वारा नवजात शिशु समिति को सौंपा गया। सभी कागजी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद बच्चे को सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की चिकित्सीय समस्या होने पर उसका उचित इलाज हो सके। उन्होंने बताया कि बच्चे की मां की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment