रांची के रातू रोड स्थित डांस झारखंड में क्रिसमस का पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के संदेश के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर सैकड़ों की संख्या में बच्चों ने भाग लिया और रंग-बिरंगे क्रिसमस ड्रेस में आकर्षक डांस प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में बच्चों की ऊर्जा, उत्साह और कला देखने लायक थी, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।
क्रिसमस गैदरिंग के दौरान लाइव डांस सेंटर में डांस, सिंगिंग और केक कटिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी बच्चों को प्रेम और प्रोत्साहन के साथ लव ऑफ टॉकिंग देकर क्रिसमस की शुभकामनाएं दी गईं। बच्चों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और एक-दूसरे के साथ खुशी साझा की।
डांस झारखंड समिति के संचालक श्री राम ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विविधताओं का देश है और यहां मनाए जाने वाले हर पर्व को मिल-जुलकर मनाना हमारा कर्तव्य और धर्म है। उन्होंने बताया कि डांस झारखंड हमेशा सभी धर्मों और संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना को आगे बढ़ाता रहेगा।
इस अवसर पर डांस झारखंड के शिक्षक-शिक्षिकाओं और पेरेंट्स ने भी बच्चों और उपस्थित लोगों को क्रिसमस तथा आने वाले नए साल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को विश किया, हाथ मिलाए और गले मिलकर आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।
यह आयोजन न केवल मनोरंजन से भरपूर रहा, बल्कि बच्चों में सांस्कृतिक एकता, प्रेम और सामाजिक सौहार्द की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।

Post a Comment