Top News

अल्मोड़ा में बड़ा हादसा: यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 6–7 की मौत की आशंका


उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण के पास यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 6 से 7 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस भिकियासैंण से नैनीताल जिले के रामनगर जा रही थी। रास्ते में विनायक के पास अचानक अनियंत्रित होकर बस खाई में गिर गई। बस में करीब 17 से 18 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गई।

अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की जा रही है और राहत कार्य जारी है।

इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को नजदीकी बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post