पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन के कार्यक्रमों के तहत सात निश्चय (2015-2020) और सात निश्चय-2 (2020-2025) में न्याय के साथ विकास के सभी निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिए गए हैं। अब बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सात निश्चय-3 लागू करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से राज्य में कानून का राज है और बीते 20 वर्षों से सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर काम किया गया है। सात निश्चय-3 के तहत दोगुना रोजगार-दोगुनी आय, समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार, कृषि में प्रगति, उन्नत शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य, मजबूत आधार-आधुनिक विस्तार और सबका सम्मान-जीवन आसान जैसे सात प्रमुख संकल्प शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार, उद्योगों में बड़े निवेश, किसानों की आय बढ़ाने, स्वास्थ्य और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा शहरी-ग्रामीण विकास को गति देने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सात निश्चय-3 के सफल क्रियान्वयन से विकसित बिहार का सपना साकार होगा।
Post a Comment