भाजपा नेता कमलेश राम ने सरकार से न्याय दिलाने की लगाई गुहार
कांके। कांके प्रखंड के ऊपरी कोनकी पंचायत अंतर्गत मारवा जंगल टोली निवासी आदिवासी युवक एतवा उरांव,चार महीने पहले मजदूरी करने कर्नाटक गया था, कर्नाटक में ही अल्ट्रा टाइल्स कंपनी में काम करता था ।उसकी रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई।
परिजनों को सोमवार को सूचना मिली, जिसके बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एतवा उरांव के पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं जिसमे दो बेटी और एक बेटा है। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश राम, भाजपा पिठोरिया मंडल अध्यक्ष गोपाल महतो, दीपक दास,रंजीत गाड़ी एवं अन्य भाजपा कार्यकर्ता उनके घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
कमलेश राम ने रांची उपायुक्त से फोन पर बात कर इस परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही, रांची एसएसपी से भी बात कर न्याय प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।
राज्य सरकार से इस गरीब परिवार को ₹25 लाख मुआवजा देने की मांग की गई है।
कमलेश राम ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए कहा कि एक गरीब आदिवासी परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का शिकार हो जाए, यह व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
उन्होंने कहा, हम इस परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि पूरे समाज के सम्मान और सुरक्षा का सवाल है। सरकार को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलानी चाहिए।
कमलेश राम ने आगे कहा कि प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक साजिश सामने आती है, तो उस पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।


Post a Comment