रांची। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से झारखंड में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ रूप अख्तियार कर लिया है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। मैक्लुस्कीगंज में तो पारा माइनस में पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है।
बुधवार को मैक्लुस्कीगंज के लपरा निवासी एंग्लो समुदाय के नेलसन पॉल बॉबी गॉर्डन ने अपने तापमान मापक यंत्र से न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं जोभिया स्थित राणा कंट्री कॉटेज में डिजिटल मीटर से न्यूनतम तापमान माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अत्यधिक ठंड के कारण सुबह के समय ओस की बूंदें जम गईं, जिससे घास, पत्तों और वाहनों पर बर्फ जैसी सफेद परत दिखाई दी।
राजधानी रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस, जबकि खूंटी में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी बीच ठंड की चपेट में आकर रांची के ओल्ड एचबी रोड स्थित लग्न कॉम्पलेक्स के पास 50 वर्षीय महिला रेखा देवी की मौत हो गई। वह कांके रोड के चांदनी चौक इलाके की रहने वाली थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण अत्यधिक ठंड बताया जा रहा है।
शीतलहर के साथ घने कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। डालटनगंज में दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई, जबकि देवघर में यह 600 मीटर दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम शुष्क रहा, हालांकि कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 8 जनवरी को दक्षिणी झारखंड, उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र और राज्य के मध्य भागों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 8 और 9 जनवरी को न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि 10 से 12 जनवरी के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है।
Post a Comment