आबादी के अनुसार राजनैतिक भागीदारी के लिए भरा हुंकार- झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ
आशीष कुमार साव
हजारीबाग :- हजारीबाग में झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ, जिला हजारीबाग के तत्वावधान में कुम्हार समाज के अधिकार और हक को लेकर कुम्हार अधिकार महारैली का आयोजन किया गया। महारैली की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति (पप्पू) ने की, जबकि संचालन सुखदेव प्रजापति और वीरेंद्र प्रजापति ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण प्रजापति तथा विशिष्ट अतिथि बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो (बाटुल) उपस्थित रहे। इसके अलावा झारखंड माटी कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति, पूर्व सदस्य सह प्रदेश महामंत्री ईश्वर चंद्र प्रजापति, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पंडित, प्रदेश संगठन मंत्री पप्पू पंडित और प्रदेश प्रवक्ता विक्रम महतो मंचासीन रहे।
महारैली की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। अध्यक्षीय भाषण में जिला अध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति ने कहा कि कुम्हार समाज को लंबे समय से राजनीतिक उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने समाज की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करने, झारखंड माटी कला बोर्ड के पुनर्गठन तथा नीति निर्माण में कुम्हार समाज की भागीदारी की मांग रखी।

प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण प्रजापति ने कहा कि झारखंड में कुम्हार समाज की आबादी करीब 32 लाख है, जो राज्य की कुल जनसंख्या का लगभग 8 प्रतिशत है। इसके बावजूद समाज को राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक लाभ से वंचित रखा गया है। अब समाज अपने अधिकारों के लिए निर्णायक संघर्ष करेगा।
पूर्व विधायक योगेश्वर महतो (बाटुल) ने कहा कि राज्य की 82 विधानसभा क्षेत्रों में हजारों की संख्या में कुम्हार मतदाता रहते हैं, फिर भी उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिलती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समाज को उसका हक नहीं मिला तो सभी राजनीतिक दलों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कुम्हार समाज की सांस्कृतिक और धार्मिक भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
झारखंड माटी कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति ने कहा कि जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी होनी चाहिए और सरकार को माटी कला बोर्ड का पुनर्गठन करना चाहिए। पूर्व सदस्य एवं प्रदेश महामंत्री ईश्वर चंद्र प्रजापति ने कहा कि पिछले 78 वर्षों से कुम्हार समाज को उसके अधिकारों से वंचित रखा गया है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से आगे आकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। साथ ही पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने की मांग भी रखी।
महारैली को प्रदेश संगठन मंत्री पप्पू पंडित, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय प्रजापति, प्रदेश प्रवक्ता विक्रम महतो, गिरिडीह जिला अध्यक्ष दीपक पंडित, रामगढ़ जिला अध्यक्ष राधा विनोद प्रजापति, कोडरमा जिला महामंत्री विजय पंडित, धनबाद जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार और लोहरदगा जिला अध्यक्ष सरोज प्रजापति सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की सफलता में हजारीबाग जिला उपाध्यक्ष लीलाधन प्रजापति, संगठन मंत्री शिवकुमार प्रजापति, संरक्षक विष्णु प्रजापति सहित जिले और विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों का अहम योगदान रहा।
इस अवसर पर झारखंड लोक सेवा आयोग एवं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफल कुम्हार समाज के अभ्यर्थियों को सम्मानित भी किया गया।
Post a Comment