Top News

दारू की बेटी एनवी सिन्हा ने कविता से प्रधानमंत्री मोदी को किया मंत्रमुग्ध


आशीष कुमार साव 

हजारीबाग:- हजारीबाग मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित दारू प्रखंड के बक्शीडीह गांव की होनहार बेटी एनवी सिन्हा ने अपनी प्रतिभा से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। अपनी ओजस्वी कविता के माध्यम से उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी को न केवल प्रभावित किया, बल्कि तालियां बजाने पर भी मजबूर कर दिया। यह पल दारू ही नहीं, पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है। बक्शीडीह गांव के एक प्रतिष्ठित कायस्थ परिवार में जन्मी एनवी सिन्हा की प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय मेरु से हुई। शिक्षा और संस्कार इनके परिवार की पहचान रहे हैं। इनके परदादा स्वर्गीय भैया शीतल प्रसाद एक सेवानिवृत्त हेडमास्टर थे, वहीं दादा स्वर्गीय भैया प्रवीन कुमार हिंदी के शिक्षक रहे। शिक्षा की इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इनके पिता भैया संजीव कुमार वर्तमान में इंजीनियर ब्रांच, मालदा में कार्यरत हैं। एनवी की पढ़ाई का सिलसिला देश के विभिन्न हिस्सों में चला। इन्होंने केंद्रीय विद्यालय बीकानेर से आठवीं तक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद असम के सिलचर से मैट्रिक की परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर अपनी मेधा का परिचय दिया। प्रतिभा के बल पर एनवी का चयन मेंबर ऑफ पार्लियामेंट कार्यक्रम में भी हुआ, जहाँ उन्हें प्रथम श्रेणी से सम्मानित किया गया। वर्तमान में वह केंद्रीय विद्यालय मालदा से 12वीं की शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। हाल ही में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के उद्घाटन समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदा पहुंचे थे। इस कार्यक्रम के लिए केंद्रीय विद्यालय मालदा से एनवी सिन्हा का चयन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनवी ने बिना किसी झिझक या संकोच के प्रधानमंत्री से अपनी कविता सुनाने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अत्यंत आत्मीयता के साथ ट्रेन के अंदर पूरी कविता सुनी और तालियां बजाकर बच्ची की सराहना की। उन्होंने एनवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने एनवी की कविता को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्वीट कर साझा किया, जिससे यह प्रतिभा देशभर में चर्चा का विषय बन गई। इस उपलब्धि से एनवी के परिवार, गांव और पूरे प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई है। सभी लोग इस होनहार बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं और उसे क्षेत्र की प्रेरणा मान रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post