Top News

झारखंड में मेट्रो रेल को मिली रफ्तार, रांची-धनबाद-जमशेदपुर के लिए डीपीआर प्रक्रिया तेज


रांची। झारखंड में आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी रांची, धनबाद और जमशेदपुर के लिए मेट्रो रेल परियोजना को गति दे दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार ने मेट्रो को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं और सर्वे के साथ-साथ डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार रांची में प्रस्तावित मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 51.3 किलोमीटर होगी। इसमें तीन प्रमुख रूट शामिल हैं—कचहरी गोल चक्कर से नयासराय (16.1 किमी), पहाड़टोली से नामकुम (13.7 किमी) और कांके से तुपुदाना (21.5 किमी)। इन रूट्स के जरिए राजधानी के अहम इलाकों को जोड़ा जाएगा और प्रतिदिन करीब 70 हजार से अधिक यात्रियों के मेट्रो से सफर करने का अनुमान है।

केंद्र सरकार की सहमति के बाद झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (जुडको) ने एएआर (विकल्पात्मक विश्लेषण रिपोर्ट) और डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। इन्हीं रिपोर्ट्स के आधार पर तय किया जाएगा कि किन हिस्सों में मेट्रो एलिवेटेड होगी और किन जगहों पर भूमिगत। जमशेदपुर और धनबाद के लिए भी एएआर और डीपीआर तैयार करने का काम चल रहा है।

मेट्रो परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले शहरी यातायात की जरूरतों का विस्तृत अध्ययन होगा, इसके बाद तकनीकी और लागत से जुड़ी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से शहरी इलाकों में यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और लोगों को तेज व सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post