रांचीः झारखंड कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सभी जिलों में जिला राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया है। इसी कड़ी में रांची जिले के लिए भी नई समिति का ऐलान किया गया है।
रांची जिला समिति की जिम्मेदारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा को सौंपी गई है। 18 सदस्यीय इस समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेता, अनुभवी कार्यकर्ता और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि संगठन में बेहतर समन्वय और संतुलन बनाया जा सके।
समिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, सांसद कालीचरण महतो, मंत्री व विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा और राजेश कश्यप सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं। इसके अलावा एसटी विभाग के जिलाध्यक्ष नीरज भोक्ता, जिला परिषद सदस्य हिना परवीन और नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा भी समिति का हिस्सा हैं।
यह समिति संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक कार्यक्रमों की समीक्षा करेगी, साथ ही आपसी समन्वय, मतभेदों के समाधान और कार्यकर्ताओं से संवाद को मजबूत करने की भूमिका निभाएगी। समिति की बैठकें नियमित रूप से होंगी और उनकी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी।
Post a Comment