Top News

नए साल पर झारखंड में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट


रांची : नए साल की शुरुआत झारखंड में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय दृश्यता काफी कम हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इसे देखते हुए अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह अलर्ट सतर्कता की श्रेणी में आता है और सड़क, रेल व हवाई यातायात पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

इन जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में घने कोहरे का खतरा बना हुआ है। इन इलाकों में दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे खासकर सुबह और देर रात आवागमन में परेशानी होने की आशंका है।

2 जनवरी तक रहेगा असर

मौसम विभाग ने बताया कि 2 जनवरी की सुबह साढ़े आठ बजे तक गिरिडीह और देवघर सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुर, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में भी कोहरे की संभावना जताई गई है। खासकर झारखंड के उत्तरी हिस्सों और बिहार से सटे जिलों में कोहरे का प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है।

तेजी से गिरा तापमान, गुमला रहा सबसे ठंडा

राज्य में ठंड लगातार बढ़ रही है। गुमला झारखंड का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों में लोहरदगा और डाल्टनगंज में 5.1 डिग्री, खूंटी में 5.2 डिग्री और बोकारो में 6.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार नए साल के पहले दिन भी कई जिलों में न्यूनतम तापमान एकल अंक में बना रह सकता है।

मौसम विभाग की वजह

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से झारखंड में शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। इसी कारण सुबह के समय ठंड और दृश्यता की समस्या ज्यादा महसूस की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post