आशीष कुमार साव
हजारीबाग:- संत कोलंबस कॉलेज के समक्ष के.बी. सहाय पार्क में बुधवार को संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता संग्राम के प्रखर सेनानी एवं लौह पुरुष कृष्ण बल्लभ सहाय जी की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह संपन्न हुआ।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमति दीपिका पांडे सिह, हजारीबाग सदर के विधायक प्रदीप प्रसाद व कई गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से अनावरण किया।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि उनके आदर्शों सुशासन, सामाजिक न्याय और निर्भीक जनसेवा को अपने आचरण एवं कार्यशैली में उतारने का संकल्प व्यक्त किया।
लोगों को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि कृष्ण बल्लभ सहाय का संपूर्ण जीवन सत्य, साहस, सिद्धांतनिष्ठा और जनहित के प्रति अडिग नेतृत्व का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर स्वतंत्र भारत के शासनकाल तक हर परिस्थिति में संविधानिक मूल्यों, न्याय और लोकतंत्र की मजबूती के लिए कार्य किया। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने यह सिद्ध किया कि सशक्त नेतृत्व वही होता है, जो दबाव में भी सही और जनहित के पक्ष में निर्णय लेने का साहस रखे।
विधायक श्री प्रसाद ने कहा कि कृष्ण बल्लभ सहाय जी को ‘लौह पुरुष’ इसलिए कहा गया, क्योंकि वे अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। सत्ता उनके लिए लक्ष्य नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम थी। उनका जीवन आज के जनप्रतिनिधियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो यह सिखाता है कि राजनीति में ईमानदारी, सादगी और साहस ही सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने आगे कहा कि स्थापित की गई यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक है। यह प्रतिमा हर युवा को यह संदेश देगी कि नेतृत्व पद या शक्ति से नहीं, बल्कि चरित्र और मूल्यों से पहचाना जाता है। हमें केवल माल्यार्पण तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि उनके विचारों को अपने निर्णयों और कार्यों में उतारना है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने आयोजक समिति, स्थानीय नागरिकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कृष्ण बल्लभ सहाय जी के दिखाए मार्ग सुशासन, सामाजिक न्याय और निर्भीक जनसेवा—पर चलकर ही क्षेत्र, राज्य और समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Post a Comment