कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के जरगा पंचायत स्थित वृंदाहा वाटरफॉल में घूमने गए एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ मारपीट व छेड़खानी की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवकों ने हथियार के बल पर उन्हें डराया-धमकाया, घटना का वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की।
पीड़ित नाबालिग के अनुसार, गुरुवार सुबह वह अपनी कक्षा की एक छात्रा के साथ बाइक से वाटरफॉल गया था। लौटते समय दो युवकों ने उनकी बाइक रोककर चाबी निकाल ली और धमकी दी। इसके बाद वीडियो बनाकर 10 हजार रुपये की मांग की गई। किसी तरह पीड़ित ने दोस्तों से 4,635 रुपये जुटाकर ऑनलाइन ट्रांसफर किए, तब जाकर वे वहां से निकल पाए।
घटना के बाद पीड़ित ने तिलैया थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित की निशानदेही पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
Post a Comment