Top News

रामगढ़ में नशे और घरेलू हिंसा का खौफनाक अंजाम, पत्नी ने पति की ले ली जान


रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र के लेम गांव स्थित महली टोला में शुक्रवार को घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने पति की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान अशोक उरांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अशोक उरांव अक्सर नशे की हालत में पत्नी किरण उरांव के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर किरण कई बार मायके चली जाती थी। घटना वाले दिन भी अशोक नशे में धुत था और आरोप है कि उसने पत्नी पर हथौड़े से हमला करने की कोशिश की।

खुद को बचाने के प्रयास में किरण उरांव ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाकर पति पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अशोक उरांव मौके पर ही अचेत हो गया और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बासल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में किरण उरांव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। दंपती के तीन बच्चे हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post