रांची में हरमू नदी को प्रदूषण से मुक्त कर उसके अस्तित्व को बचाने के लिए रांची नगर निगम का विशेष सफाई अभियान दूसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। नगर निगम की टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से नदी में जमी गाद, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट हटाने का काम तेज कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार कई दिनों तक चलेगा और इसे किसी भी स्थिति में बीच में नहीं रोका जाएगा।
सफाई के साथ-साथ मुक्तिधाम पुल के दोनों ओर जाली लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, ताकि लोग सीधे नदी में कचरा न फेंक सकें। इसके अलावा नदी किनारे चेतावनी और जागरूकता से जुड़े नोटिस बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनमें कचरा फेंकने पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।
नगर निगम ने बताया कि सफाई कार्य पूरा होने के बाद भी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए अलग टीम गठित की जा रही है, जो समय-समय पर निरीक्षण कर नदी को दोबारा गंदा करने वालों पर कार्रवाई करेगी। आने वाले दिनों में नदी किनारे पौधारोपण और ब्यूटीफिकेशन का कार्य भी शुरू किया जाएगा, जिससे हरमू नदी के आसपास हरियाली और सौंदर्य बढ़ सके।
नगर आयुक्त ने कहा कि यह पूरा अभियान झारखंड हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रांची शहर की नदियों और जलाशयों में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चल रहा है। हरमू नदी के विभिन्न हिस्सों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से सभी इलाकों में साफ-सफाई की जाएगी।
इस दौरान हरमू नदी की चिन्हित जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी है। नगर निगम ने ऐसे कई स्थानों को चिह्नित किया है, जहां अवैध निर्माण और कब्जे के कारण नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाए बिना नदी का संरक्षण संभव नहीं है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हरमू नदी की स्थिति वर्षों से खराब है। पहले भी कई बार सफाई अभियान और टेंडर निकाले गए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। लोगों का मानना है कि आसपास के नालों को सीधे नदी में जोड़ दिए जाने के कारण यह नदी अब नाले जैसी स्थिति में पहुंच गई है।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सबसे पहले उन नालों को बंद किया जाए, जो सीधे हरमू नदी में गिर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक गंदे पानी का प्रवाह नहीं रुकेगा, तब तक सफाई का अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी नदी में कचरा न फेंकने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
Post a Comment