Top News

झारखंड में फिर बढ़ी ठंड, रांची समेत चार जिलों में शीतलहरी, 12 जिलों में घना कोहरा


रांची: उत्तर भारत में लगातार हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से झारखंड एक बार फिर कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। राजधानी रांची सहित राज्य के चार जिलों में शीतलहरी चलने की संभावना जताई गई है, जबकि 12 जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इससे आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 31 दिसंबर को रांची, गुमला, लोहरदगा और खूंटी में शीतलहरी का असर रहेगा। वहीं गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की भी संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटों में राज्य के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को रांची का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो एक दिन में 1.8 डिग्री की गिरावट को दर्शाता है। राज्य का सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची के ग्रामीण क्षेत्र कांके में पारा 4.4 डिग्री तक पहुंच गया।

सुबह और शाम के समय ठंड और कनकनी में इजाफा हुआ है, जबकि दिन में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम में इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

कोहरे से विजिबिलिटी में भारी गिरावट

घने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह मेदिनीनगर में दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई। जमशेदपुर में विजिबिलिटी 600 मीटर और देवघर में 650 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 31 दिसंबर को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में घने कोहरे के चलते दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है।

लगभग सभी जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे

राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। जमशेदपुर में 8.6, बोकारो में 7.1, खूंटी में 3.7, लोहरदगा में 4.6, कोडरमा में 8.0, हजारीबाग में 9.0, सरायकेला में 7.1, सिमडेगा में 6.4, रामगढ़ में 8.0, चतरा में 7.0 और गिरिडीह में 8.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने घने कोहरे और शीतलहरी के दौरान वाहन चालकों और आम लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post