Top News

देवरी में खजाने की उम्मीद बनी दहशत, लकड़ी के बक्से से निकला 15 किलो का शिशु अजगर


गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जलखरियोडीह गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला को रास्ते में लकड़ी का बक्सा मिला, जिसे देखकर पहले तो उसे लगा मानो कोई कीमती खजाना हाथ लग गया हो, लेकिन जैसे ही बक्सा खोला गया, वहां अफरा-तफरी मच गई। बक्से के अंदर कीमती सामान नहीं, बल्कि शिशु अजगर निकला, जिसे देखकर लोग जान बचाकर भागने लगे।

पूरा मामला झारखंड और बिहार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जलखरियोडीह गांव की एक महिला बिहार के चकाई से ऑटो में सवार होकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान चकाई में ही एक व्यक्ति कपड़े में लिपटा हुआ लकड़ी का बक्सा लेकर उसी ऑटो में चढ़ा। कुछ दूरी तय करने के बाद बटपार गांव के पास वह व्यक्ति बक्सा ऑटो में ही छोड़कर उतर गया।

इसके बाद जब ऑटो जलखरियोडीह गांव पहुंचा तो ऑटो चालक ने महिला के सामान के साथ उस बक्से को भी उतार दिया। महिला को लगा कि उसे कोई कीमती वस्तु मिल गई है। वह खुशी-खुशी बक्सा लेकर घर पहुंची और घरवालों को पूरी बात बताई। जैसे ही बक्सा खोला गया, सभी के होश उड़ गए। बक्से के अंदर एक अजगर का बच्चा मौजूद था।

घबराई महिला ने किसी तरह खुद को संभालते हुए बक्से को दोबारा बंद किया और गांव के समीप स्थित तालाब के पास फेंककर घर लौट आई। कुछ ही देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तालाब के पास पड़े लकड़ी के बक्से को कब्जे में लिया, जिसमें करीब 15 किलो वजनी शिशु अजगर था। वनकर्मियों ने अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। वनपाल नीरज पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि शिशु अजगर को बक्से में बंद कर कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।

Post a Comment

Previous Post Next Post